संदेश लेखन – Sandesh lekhan in Hindi with examples

संदेश लेखन व्यक्ति के जीवन में एक अहम योगदान निभाता है। अपने विचार / संदेश आदि को दूसरे व्यक्ति तक संदेश लेखन के माध्यम से पहुंचाया जा सकता है।

इस लेख में आप संदेश लेखन के प्रकार , विधि आदि का व्याकरण की दृष्टि से अध्ययन करेंगे। संदेश लेखन कितने प्रकार के हैं और किस प्रकार से लिखे जाते हैं ? इस लेख में विस्तृत ब्यौरा दिया गया है। यह लेख विशेषकर कक्षा 9वी तथा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए लाभदायक है। आम जीवन में भी इस लेख का विशेष महत्व है।

 

संदेश लेखन हिन्दी में – Sandesh lekhan in Hindi

 

सन्देश क्या होता है ?

अपने विचार तथा बातों को दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाना संदेश कहलाता है। यह संचार का एक माध्यम है।  संचार शब्द ‘चर’ धातु से बना है , जिसका अर्थ है चलना अर्थात जो साथ साथ चले वह संचार है।

संदेश के आदान-प्रदान हेतु विभिन्न माध्यमों का प्रयोग किया जाता है।पारंपरिक रूप से चिट्ठी , पत्र , पत्रिका तथा आधुनिक रूप में टेलीफोन , कप्यूटर और इंटरनेट के अन्य माध्यम है।

 

सन्देश लेखन की आवश्यकता

अपने विचार , सुझाव तथा संदेश को दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाना संदेश लेखन का अहम कार्य है। जब कोई व्यक्ति सामने नहीं होता , अपने विचारों को उस व्यक्ति तक पहुंचाने का एक माध्यम पत्र-पत्रिका होता है।  जिसमें अपने संदेश को , विचार को लिखकर अपने भावनाओं को शब्दों के माध्यम से प्रकट किया जाता है।

संदेश लेखन आदिकाल से चला आ रहा है , पहले भी राजा-महाराजा अपने संदेशों के आदान-प्रदान पत्र-पत्रिका के माध्यम से किया करते थे। एक राज्य से दूसरे राज्य संदेशों का आदान प्रदान हुआ करता था। इन संदेशों को ले जाने के लिए संदेशवाहक तथा संवादिया हुआ करते थे , जो संदेश को उसके गंतव्य स्थान तक पहुंचा दिया करते थे।

आधुनिक समय में संदेश लेखन का विशेष योगदान है संदेशवाहक अब आधुनिक हो गए हैं। मोबाइल , ईमेल आदि ने पत्र-पत्रिका और समस्या का स्थान ले लिया है। पूर्व समय में जहां संदेश को पहुंचने में काफी समय लग जाता था। कई बार वह संदेश अपने स्थान तक पहुंच भी नहीं पाता था।  आज के समय यह क्षण भर में कार्य पूरा हो जाता है। संदेश एक स्थान से दूसरे स्थान तक कुछ ही क्षण में पहुंच जाया करता है।

 

सन्देश लेखन के प्रकार

संदेश मुख्यतः दो प्रकार के होते हैं १ औपचारिक २ अनौपचारिक।

औपचारिक :-  कार्यालय तथा विशेष प्रकार के संदेशों में औपचारिक संदेश लेखन का प्रयोग किया जाता है।

अनौपचारिक :- अनौपचारिक संदेश लेखन मित्र परिवार तथा शुभचिंतकों को लिखा जाता है जिसमें जन्मदिन , किसी शुभ अवसर , विवाह , बधाई , धन्यवाद आदि के रूप में अनौपचारिक संदेश लेखन होता है।

 

औपचारिक संदेश

 

प्रश्न – राष्ट्रपति की ओर से पर्यावरण दिवस पर देशवासियों को दिए गए संदेश का प्रारूप लिखें।

 

राष्ट्रपति

भारत गणतंत्र

संदेश

प्यारे देशवासियों ‘ पर्यावरण दिवस ‘ की आप सभी को हार्दिक शुभकामना। पर्यावरण मनुष्य के लिए पालनहार है , बिना प्रकृति के मनुष्य जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।  प्रकृति को भारत में देवी-देवता मानकर वंदना की जाती है। यह अवसर भारत वासियों के लिए गौरव प्रदान करती है।

आज जहां संपूर्ण विश्व वैश्विक ताप / ग्लोबल वार्मिंग से त्रस्त है , वही भारत के लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।  नेतृत्व का लोहा संपूर्ण विश्व के सामने मनवा रहे हैं। यह भारत के लिए अभूतपूर्व अवसर है , आज सारा विश्व भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है।  पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भारत के योगदान की सराहना कर रहा है।

इस अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए उन्हें संकल्प लेने का भी आह्वान करता हूं कि वह आज के दिन कम से कम एक वृक्ष को गोद लें तथा आजीवन उसकी सेवा करें। एक पुत्र की भांति उसकी देखभाल करें , आने वाली पीढ़ियां आपके इस योगदान को सदैव ध्यान रखेगी।

अंत में पर्यावरण दिवस की सभी देशवासियों को पुनः हार्दिक शुभकामनाएं।

 

रामनाथ कोविंद

नई दिल्ली

अगस्त . 19 . 2020

 

 

अनौपचारिक संदेश

प्रश्न – जन्मदिन पर छोटे भाई को बधाई देते हुए शुभकामना संदेश लिखें।

 

जन्मदिवस की शुभकामनाएं

दिनांक 30 अक्टूबर 2020

प्रिय अनुज

जन्म दिवस की हार्दिक शुभकामना भेंट करता हूं। इस जन्म दिवस पर मैं तुम्हारे साथ नहीं हूं , किंतु दूर रहते हुए भी हृदय से तुम मेरे पास हो।  भविष्य में पढ़-लिख कर एक सच्चा इंसान बनो , यह कामना करता हूं। भगवान तुम्हारी सभी मुरादों को पूर्ण करें तुम्हें जीवन में सदैव सुख शांति और समृद्धि का फल मिले।

माता-पिता तथा समाज की सेवा पूरी निष्ठा के साथ करो , यह आशीर्वाद देता हूं। जन्मदिवस की अनेकों-अनेक बधाइयां भेंट करता हूं जिसे स्वीकार करते हुए मेरा आशीर्वाद समझना।

तुम्हारा बड़ा भाई

सुरेश

 

 

प्रश्न – सामुदायिक केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन रविवार को किया जाना है जिसकी सूचना देते हुए एक संदेश लिखें।

 

सामुदायिक केंद्र

सैनिक विहार राजस्थान

“सूचना”

 

रक्तदान शिविर का आयोजन

दिनांक – 8 फरवरी 2020

प्रिय क्षेत्रवासियों अति प्रसन्नता के साथ आपको अवगत कराना चाहता हूं कि अपने सामुदायिक केंद्र में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह रक्तदान भूकंप में प्रभावित हुए लोगों के लिए विशेष तौर पर किया जा रहा है। आज हमारे भाई जो भूकंप से प्रभावित हुए हैं हम उनकी मदद मानवीय भावनाओं के साथ-साथ रक्तदान कर भी संभवतः कर सकते हैं।

इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए रविवार को जिला अस्पताल के डॉक्टरों के माध्यम से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन मानव कल्याण संस्था के सौजन्य से आयोजित है। जिसका संक्षिप्त ब्यौरा इस प्रकार है –

 

दिनांक :- 8 फरवरी 2020

समय :- प्रातः 10:00 बजे से 1:00 बजे तक

स्थान :- सामुदायिक केंद्र सैनिक विहार राजस्थान

अपेक्षित :- 18 वर्ष से ऊपर तथा 50 वर्ष से नीचे के व्यक्ति जो स्वस्थ हो

धन्यवाद

 

मृणाली सिंह

मानव कल्याण संस्था

 

 यह भी पढ़ें

Sangya in Hindi Grammar – संज्ञा की परिभाषा, भेद, प्रकार और उदाहरण।

अलंकार की परिभाषा, भेद, प्रकार और उदाहरण – Alankar in hindi

सर्वनाम की पूरी जानकारी – परिभाषा, भेद, प्रकार और उदाहरण – Sarvanam in hindi

Hindi varnamala | हिंदी वर्णमाला की पूरी जानकारी

अनेक शब्दों के लिए एक शब्द – One Word Substitution

उपसर्ग की संपूर्ण जानकारी

Abhivyakti aur madhyam ( class 11 and 12 )

रस की परिभाषा, भेद, प्रकार और उदाहरण

Our Social Media Handles

Fb page

2 thoughts on “संदेश लेखन – Sandesh lekhan in Hindi with examples”

  1. संदेश लेखन की संपूर्ण जानकारी तथा उदाहरण देकर समझाने के लिए आपका धन्यवाद. कृपया इसी प्रकार अन्य अभिव्यक्ति और माध्यम के टॉपिक को भी लिखें

    Reply
    • अभिव्यक्ति और माध्यम के सभी टॉपिक पहले से ही इस वेबसाइट पर लिख दिए गए हैं. अगर आपको पढ़ना है तो आप अभिव्यक्ति और माध्यम वाले कैटेगरी में जाएं और वहां पर आपको सभी प्रकार के टॉपिक मिल जाएंगे.

      Reply

Leave a Comment